Total Visitors : 5 8 0 7 7 3 5

अंजली और कृष्णा का कराटे की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन ...

कानपुर की बेटियों ने बढ़ाया मान

देहरादून में एक से तीन नवंबर तक होने वाली नार्थ जोन राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में कानपुर की अंजली शर्मा और कृष्णा गुप्ता ने जगह बनाई है। 36 साल की अंजली सीनियर वर्ग में तो 14 साल की कृष्णा जूनियर वर्ग में अपना दमखम दिखाएंगी।अप्रैल में लखनऊ में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अंजली ने स्वर्ण पदक जीता था, इसके आधार पर उनका चयन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वहीं कृष्णा ने आगरा में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी जगह पक्की की है।

बेटे को सिखाने ले जातीं थीं

कल्याणपुर राजीव नगर निवासी अंजली ने बताया कि 2003 में अपने बेटे आर्यन शर्मा को विजय सर की कराटे क्लास में सिखाने ले जाती थीं। वहां बैठे-बैठे समय बर्बाद होता था तो उन्होंने भी कराटे की ट्रेनिंग शुरू कर दी। इसके बाद धीरे-धीरे खेल में रुचि बढ़ती गई और राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय कर लिया। अंजली ने अभी तक राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कुल 21 स्वर्ण पदक जीते हैं। अंजली शारदा नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में गरीब बच्चों को निशुल्क ट्रेनिंग भी दे रही हैं।सनिगवां निवासी कृष्णा गुप्ता ने सात साल पहले ही कराटे खेलना शुरू किया है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण और दो रजत समेत छह पदक जीते हैं। कृष्णा एक वर्ष की थीं तब मां इंदुरानी का निधन हो गया था। पांच साल बाद पिता राम किशन गुप्ता भी बीमारी के चलते चल बसे। कृष्णा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय बड़ी बहनों पूनम, प्रतिभा व प्रशिक्षक विजय कुमार को दिया है।

अंजली का सफर

2013 : लखनऊ में हुई सीनियर राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।

2015 : कानपुर में हुई राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
2016 : कानपुर में हुई राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
2017 : लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
2017 : कानपुर में हुई ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
2018 : कानपुर में हुई ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, एक रजत पदक।

कृष्णा का सफर

2011 : जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
2016 : जयपुर में हुई अंतराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक।
2017 : बनारस में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक।
2018 : लखनऊ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक।
2018 : इलाहाबाद में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक।
2019 : लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक।

Related News

Leave a Reply