Total Visitors : 5 7 9 7 5 8 0

आश्वासन पर सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म ...

सभासदों ने खुद झाड़ू लेकर साफ-सफाई शुरू की

रूरा (कानपुर देहात)। साथी कर्मचारी को पीटने वालों की गिरफ्तारी न होने से नाराज नगर पंचायत के सफाई कर्मी गुरुवार को अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक काम न लौटने की घोषणा की थी। इससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था ठप हो गई थी। शुक्रवार को अकबरपुर के तहसीलदार नगर पंचायत पहुंचे और निष्पक्ष जांच व आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद कर्मचारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौट आए।
रूरा नगर पंचायत में विकास कार्यों की घोटालेबाजी को लेकर क्षेत्र में जगह-जगह व्यंग्यात्मक पोस्टर लगाए गए थे। 20 अक्तूबर को नगर पंचायत के संविदा सफाई कर्मी मनोज बाल्मीकि को पोस्टर पढ़ने पर कस्बा के विपिन राजावत, सतीश दीक्षित और गोले रैदास ने पीट दिया था। 21 अक्तूबर को मनोज ने तीनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पंचायत के सफाई कर्मियों ने गुरुवार को काम ठप कर दिया था।
साथ ही नगर पंचायत कार्यालय में अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। ईओ पवन किशोर भी कर्मचारियों को समझा पाने में नाकाम रहे थे। इससे नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ठप हो गई थी। वार्डों के सभासदों ने खुद झाड़ू लेकर साफ-सफाई शुरू की थी। हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को सफाई कर्मी कार्यालय में धरने पर बैठ गए। पुलिस और नगर पंचायत अफसरों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान अकबरपुर तहसीलदार अजीत कुमार वहां पहुंचे।
उन्होंने मनोज के साथ हुई मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस पर कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। साथ ही काम पर लौट गए। इसके बाद कस्बे की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आई। तहसीलदार ने बताया कि निष्पक्ष जांचकर व आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा देकर सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त करा दी गई है।

Related News

Leave a Reply