Total Visitors : 5 8 1 1 7 8 4

खाद्यान्न वितरण में अनियिमितता और भ्रष्टाचार के आरोप ...

ट्वीट कर जानकारी दी

लखनऊ:- भ्रष्टाचार  के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद्यान्न आपूर्ति के दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और कालाबाजारी में मिलीभगत के आरोपों में संयुक्त आयुक्त (खाद्य) कानपुर मंडल अमित कुमार मल्ल और कानपुर नगर के जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश कुमार श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश दिया है। इससे पहले तहसील बिल्हौर के तत्कालीन पूर्ति निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह को बीते माह जुलाई में ही निलंबित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके यह जानकारी दी।

जांच में पाए गए दोषी

विभागीय सूत्रों ने बताया कि जनपद कानपुर नगर के खाद्यान्न वितरण में जो अनियमितता पाई गई, उससे यह स्पष्ट होता है कि नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण का सत्यापन नहीं किया जाता था। जनपद के बिकरू ग्राम में राशन वितरण सुचारू रूप से नहीं था। साथ ही वर्ष 2017 में पूर्ति निरीक्षक के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी प्रथम सूचना रिपोर्ट भी संबंधित कर्मचारी द्वारा दर्ज कराई गई थी। इस घटना की कोई भी सूचना शासन स्तर पर उक्त अधिकारियों द्वारा नहीं दी गई थी।

बिकरू गांव में सतही तौर पर निरीक्षण

जुलाई में संयुक्त आयुक्त (खाद्य) द्वारा आयुक्त, खाद्य व रसद के निर्देशों के क्रम में बिकरू ग्रामसभा का निरीक्षण सतही तौर पर किया गया था। बिकरू ग्राम की गंभीर घटना को देखते भी अधिकारियों द्वारा किसी भी कार्यवाही को गंभीरता से नहीं लिया गया। जाहिर है दोनों अधिकारी अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाह थे और इनकी कालाबाजारियों से मिलीभगत भी थी।

मामले की जांच अपर आयुक्त (प्रशासन) को सौंपी गई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अमित कुमार मल्ल, संयुक्त आयुक्त (खाद्य) और अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने का आदेश दिया है। सुनील कुमार वर्मा, अपर आयुक्त (प्रशासन) इस पूरे घटनाक्रम की जांच करेंगे।

Related News

Leave a Reply