Total Visitors : 5 8 1 4 2 3 7

बेगूसराय के कांग्रेसी नेताओं ने की मदद ...

सभी बराती होम क्वारंटीन

कानपुर:- बिल्हौर थाना क्षेत्र के चौबेपुर में के हकीम नगर (नाथूपुर) गांव से 60 दिन पहले बिहार के बेगूसराय गई बरात बुधवार को लौट सकी। लॉकडाउन के कारण इनकी वापसी नहीं हो सकी थी। बिल्हौर सीएचसी की टीम ने मिनी बस से आए बरातियों की थर्मल स्क्रीनिंग की और सभी को अगले 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन के निर्देश हैं।

लंबे समय बाद घर लौटे बरातियों से परिजनों में खुशी का माहौल है। हकीम नगर गांव निवासी महबूब के पुत्र इम्तियाज की बरात 20 मार्च को बेगूसराय, बिहार गई थी। 21 मार्च को निकाह के उपरांत अगले दिन बरात की वापसी होनी थी। लेकिन लॉकडाउन के चलते बरात घर वापस नहीं आ सकी।
लॉकडाउन-4 में जिला प्रशासन की अनुमति पर कस्बा वासियों ने मिलकर 19 मई की सुबह मिनी बस बरातियों को लाने के लिए बेगूसराय भेजी थी।  बुधवार शाम 6 बजे दूल्हा-दुल्हन व बरातियों (कुल 12 लोग) को लेकर बस लौटी। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बिल्हौर सीएचसी से चिकित्सीय टीम बुलाकर सभी लोगों की स्क्रीनिंग कराई।

बरातियों का दो वक्त पेट भर पाना भी मुश्किल हुआ

महबूब ने बताया कि पैसा न रहने और लड़की पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से बरातियों का दो वक्त पेट भर पाना भी मुश्किल हो रहा था। कुछ सामाजिक व राजनैतिक लोगों ने मदद को अपने हाथ आगे बढ़ाए और आटा, चावल, तेल, मसाला, सब्जी आदि के अलावा अन्य आवश्यक वस्तुओं की भरपाई की। मुसीबत में फंसे लोगों की सलामती के लिए लोगों ने रोजे भी रखे। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष उषा रानी कोरी की पहल पर बेगूसराय के कांग्रेसी नेताओं ने बड़ी मदद की।

Related News

Leave a Reply