Total Visitors : 5 8 1 2 4 3 0

कानपुर में कंझावला जैसा कांड होते-होते बचा ...

 पुलिस ने आरोपी को छोड़ा

कानपुर में दिल्ली के कंझावला जैसा कांड होते होते बच गया। यहां स्कूटी सवार 2 लड़कियों को एक कार ने टक्कर मार दी। स्कूटी कार में फंसी रह गई और ड्राइवर 1 किमी. तक उसे घसीटता रहा। गनीमत रही, लड़कियां स्कूटी में फंसी नहीं थीं, वरना बड़ा हादसा हो जाता। पुलिस और लोगों की घेराबंदी के बाद कार सवार को दबोचा गया। इसे हाई प्रोफाइल कारोबारी फैमिली का मामला बताया जा रहा है।

मामला रविवार रात का फजलगंज क्षेत्र का है। हिरासत में पुलिस की पूछताछ में लड़के ने अपना नाम रोहन बताया। इस दौरान वह खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करता रहा। उसने कहा, मेरी कार में कोई नहीं फंसा था। मेरे ऊपर हमला हुआ। मेरी कार के शीशे तोड़े। वह पुलिस को अपनी चोट भी दिखाता रहा। पुलिस का कहना है कि दूसरा पक्ष कार्रवाई नहीं चाहता था, इसलिए लड़के को छोड़ना पड़ा।

नशे में था, कार से 3 स्कूटी सवार लड़कियों को टक्कर मारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऐसा कहा जा रहा है लड़का उस समय नशे में था। वह अपनी लग्जरी कार से फजलगंज चौराहा से गोविंद नगर की तरफ जा रहा था। उसने गोविंदपुरी पुल के पहले सामने से आ रही स्कूटी सवार 2 लड़कियों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों लड़कियां घायल हो गईं। लड़के ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान कार के नीचे स्कूटी फंसी रह गई और करीब 1 किमी. तक घीसटती रही। सूचना पर गोविंद नगर थाने की पुलिस और भीड़ ने उसकी घेराबंदी की। उसे चावला मार्केट चौराहे के पास दबोचा गया। इसके बाद फजलगंज थाने की पुलिस ने आरोपी रोहन को हिरासत में लिया। उसको थाने लाया गया। यहां पूछताछ में उसके फैमिली बैकग्राउंड के बारे में मालूम हुआ।

लड़कियां भी कारोबारी परिवार से, टक्कर से दूर जा गिरी

इस हादसे में साकेत नगर निवासी कारोबारी आशुतोष छाबड़ा की 21 साल की बेटी कौशिक और उनके अपार्टमेंट के दूसरे फ्लैट के राजीव भटनागर की 19 साल की बेटी परिधि की जान जाते-जाते बची। गनीमत रही कि हादसे के बाद दोनों लड़कियां गाड़ी से दूर जाकर गिरीं। हादसे के बाद पूरा परिवार दहशत में है।

पुलिस ने आरोपी को लोगों से बचाया
हादसे के बाद भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए आरोपी को पीटने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे लोगों के चंगुल से बचा लिया। कार्रवाई का आश्वासन देकर फजलगंज थाने की पुलिस कार चालक को थाने ले आई।

 

 

Related News

Leave a Reply