Total Visitors : 5 8 1 0 6 3 8

भाजपा का झंडा लगा घूमता था ड्रग्स माफिया बच्चा ...

भाजपाइयों ने की थी एडीजी से शिकायत

कानपुर- उत्तर प्रदेश के कानपुर में कई वर्षों से विजय नगर और शास्त्री नगर से पूरे शहर में चल रहा चरस, स्मैक, गांजे का धंधा सिर्फ पुलिस की जानकारी में ही नहीं बल्कि भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं की जानकारी में भी था। भाजपाइयों ने एडीजी से शिकायत भी की लेकिन कुछ हुआ नहीं।

इसी का फायदा उठाकर धंधे का सरगना सुशील शर्मा उर्फ बच्चा अपने दोनों घरों के सामने ठाठ के साथ अपनी गाड़ी में भाजपा का झंडा लगाकर घूमता रहता था। जगह-जगह अपने को भाजपा पदाधिकारी बताकर रौब गांठता था। भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील बजाज का कहना है कि उन्होंने कभी भाजपा में इसका नाम नहीं सुना है। फिर भी जांच कराएंगे।

भाजपा से विजय नगर के पूर्व पार्षद अरुण पाल, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय नगर, पांडु नगर क्षेत्र के पार्षद नीरज बाजपेई और पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम बिहारी त्रिपाठी ने दो महीने पहले 8 जून को एक ज्ञापन एडीजी को सुशील शर्मा और उसके गैंग के खिलाफ दिया था। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया था कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के बीच में ही इस सरगना का भी घर है और वहीं पर यह सारा धंधा चलता है।

इसके बावजूद इसके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मजे की बात यह है कि एडीजी से शिकायत करने के बाद भी सरगना के खिलाफ  कार्रवाई होने में दो महीने लग गए। इस मामले की पुलिस से शिकायत करने वाले भाजपाइयों का कहना है कि अगर उसने गाड़ी में झंडा लगाया है और भाजपा का पोस्टर बनाया है तो किसी न किसी तरीके से सदस्यता तो जरूरी है।

सुशील शर्मा को भाजपा का सदस्य किसने बनाया, यह पता नहीं। जिलाध्यक्ष के अनुसार पार्टी में सक्रिय सदस्यों की पहचान तत्काल की जा सकती है। लेकिन यदि कोई भी अपने को भाजपाई कहता है तो उसकी पूरी पड़ताल के बाद ही सच्चाई सामने आ सकती है।

Related News

Leave a Reply