Total Visitors : 5 8 0 7 7 1 2

सत्ता पक्ष का अपनी ही मेयर पर आरोप,कानपुर नगर निगम मे घमासान ...

नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर भाजपा के ही उप नेता सदन ने महापौर कानपुर के खिलाफ खोला मोर्चा,

यूपी के कानपुर में सत्तारूढ़ पार्टी के नगर निगम में उप नेता सदन महेंद्र शुक्ला दद्दा ने महापौर प्रमिला पांडेय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को उन्होंने महापौर को पत्र लिखकर उनके नाम पर दो प्रतिशत कमीशन लिए जाने का आरोप लगाया।
पत्र सोशल मीडिया में भी वायरल हो गया। इसे लेकर पार्षदों में भी गुटबाजी शुरू हो गई है। उधर, महापौर ने भाजपा के कुछ पार्षदों के साथ बैठक कर एकजुटता पर जोर दिया। महेंद्र शुक्ला ने महापौर पर दल के पार्षदों की उपेक्षा करने और अन्य दलों के पार्षदों के पत्रों पर तुरंत साइन करने का आरोप लगाया है।

यह भी कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है। फाइलें महीनों दबी रहती हैं। महापौर को बदनाम करने के लिए अधिकारी कमीशन लेने का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें भी दंडित करवाने का आग्रह किया गया। महापौर के बेटे और भाजपा के कई पार्षदों पर भी टिप्पणी की।

महेंद्र ने खुद पर लगे आरोपों की फाइलों की जांच किसी अन्य एजेंसी से कराने, उन्हें उप नेता सदन पद से हटाने का भी आग्रह किया है। सदन की बैठक भी बुलाने की मांग की, जिसमें पार्षद अपनी बात रख सकें। उधर, महापौर प्रमिला पांडेय ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही उप नेता सदन के पत्र पर टिप्पणी करने, पार्टी पार्षदों की बैठक बुलाने से इनकार कर दिया।


कानपुर के भाजयुमो पदाधिकारियों ने कुछ इस अंदाज में महापौर व भाजपा पार्षद के खिलाफ की नारेबाजी

कानपुर के जवाहर नगर में 25 जुलाई को फुटपाथ पर लगी अवैध दुकान तोड़ने पहुंचे प्रवर्तन दस्ते से भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष पवन गुप्ता ने दुर्व्यवहार किया था। शुक्रवार को पवन ने समर्थकों के साथ कमला नेहरू पार्क के पास कूड़ा डालकर प्रदर्शन किया।

महापौर प्रमिला पांडेय और भाजपा की क्षेत्रीय पार्षद नमिता मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद ने पार्टी के उत्तरी जिलाध्यक्ष से मामले की शिकायत की है। नगर निगम जोन-4 के प्रभारी राधेश्याम पटेल के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ता गुरुवार को जवाहर नगर में ध्वस्तीकरण अभियान चला रहा था।

अभियान के दौरान वहां फुटपाथ पर टिनशेड लगाकर खस्ते की दुकान लगाने वाले भाजयुमो पदाधिकारी पवन गुप्ता ने प्रवर्तन दस्ते से दुर्व्यवहार किया। फिर भी उसे मोहलत दे दी गई थी। पवन ने शुक्रवार सुबह कमला नेहरू पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। क्षेत्र में सफाई न होने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।

प्रदर्शन करने वालों में सप्पू पाठक, अंजू शुक्ला, केसी वर्मा, सौरभ, रमेश, पप्पू, मनोज आदि मौजूद रहे। उधर, इस वार्ड की पार्षद नमिता मिश्रा ने बताया कि पवन ने सुबह फिर फुटपाथ पर दुकान लगा ली। साफ-सुधरी सड़क पर कूड़ा डालकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए उनकी और महापौर की क्षवि धूमिल करने की कोशिश की।

 

Related News

Leave a Reply