Total Visitors : 5 7 9 7 4 7 0

महिला को पॉजिटिव बताए बिना डिस्चार्ज किया ...

अंतिम संस्कार के बाद खुलासा

शुक्लागंज- नगर के मन्नी बिहारी पुरम में रहने वाली महिला (50) की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने पर कानपुर के एक अस्पताल ने परिजनों को बताए बिना डिस्चार्ज कर दिया। परिजन बीमार महिला को घर ले आए जहां शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना कोविड-19 प्रोटोकाल के महिला का अंतिम संस्कार करा दिया। अब मामले का खुलासा हुआ।

पीएचसी कोविड-19 के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रदीप दिवाकर ने बताया कि मन्नी बिहारी पुरम निवासी महिला एक साल से गुर्दे की बीमारी से जूझ रही थी। शुक्रवार को पति ने कानपुर के कोयला नगर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। अस्पताल ने महिला की आरटीपीसीआर जांच कराई तो पॉजिटिव आई। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी न देकर कहीं और उपचार कराने की बात कहकर महिला को डिस्चार्ज कर दिया। परिजन महिला को घर ले आए। शुक्रवार रात करीब 12 बजे महिला की हालत बिगड़ गई और महिला ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने शनिवार सुबह अंतिम संस्कार भी सामान्य तरीके से कर दिया। शनिवार शाम जांच रिपोर्ट उन्नाव सीएमओ के पोर्टल पर आई तो पॉजिटिव महिला के घर स्वास्थ्य टीम पहुंची। तब मामले का खुलासा हुआ। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की रिपोर्ट कानपुर सीएमओ कार्यालय को भेजी जाएगी। पीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष वार्ष्णेय ने बताया कि अब शुक्लागंज में मृतक संख्या 15 हो गई है। स्वास्थ्य टीम पति से जानकारी लेकर महिला के संपर्कियों की तलाश में जुट गई है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रदीप ने बताया कि अंतिम संस्कार खुले में बिना कोविड-19 प्रोटोकाल के अंतर्गत हुआ है। ऐसे में संक्रमितों की चेन लंबी भी हो सकती है।

Related News

Comments

Leave a Reply