Total Visitors : 5 8 0 8 0 8 2

भाजपा कार्यकर्ता को दिनदहाड़े गोली मारी, हालत गंभीर  ...

पुरानी रंजिश व रंगदारी की बात सामने आ रही सामने

नौबस्ता थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में बुधवार को एक बदमाश ने दिनदहाड़े भाजपा कार्यकर्ता राहुल सिंह (28) को गोली मार दी। गोली उनकी दाहिनी आंख में लगी और खोपड़ी के अंदर जाकर मस्तिष्क में धंस गई। गंभीर हालत में राहुल को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
इलाकाई लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पिटाई से आरोपी भी जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि नशेबाजी का विरोध करने पर आरोपी ने गोली मारी। वैसे पुरानी रंजिश व रंगदारी की बात भी सामने आ रही है।

केशवनगर, नौबस्ता निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क के पद पर कार्यरत् हैं। उनका लड़का राहुल सिंह भाजपा का कार्यकर्ता होने के साथ एक निजी कंपनी में काम करता है और भाजपा का कार्यकर्ता है। नौबस्ता इंस्पेक्टर आशीष कुमार शुक्ला ने बताया कि बुधवार दोपहर राहुल उस्मानपुर कॉलोनी में भाजपा के अस्थायी कार्यालय पर गया था। 

करीब चार बजे मनीष उर्फ धुन्नी अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और नशेबाजी करने लगा। गाली-गलौज की आवाज सुनकर जब राहुल बाहर आया, तो उसकी मनीष से कहासुनी हो गई। इसी बीच मनीष ने तमंचे से राहुल को गोली मार दी। गोली राहुल की दाहिनी आंख में लगी। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। 

गोली की आवाज सुनते ही इलाकाई लोगों ने दौडा़कर मनीष को पकड़ लिया। उसके बाद जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहुल और मनीष दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी मनीष की पिटाई से हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।

नए साल पर मांग रहा था रंगदारी

पुलिस का दावा है कि नशेबाजी के विरोध पर राहुल को गोली मारी गई, लेकिन राहुल के साथियों का कहना है कि मनीष व राहुल पहले से ही परिचित हैं। कुछ समय पहले हुए मामूली विवाद के बाद से एक दूसरे से बातचीत नहीं करते थे। बुधवार को मनीष उस्मानपुर पहुंचा और राहुल से रंगदारी मांगी। वह नशे में था। जब राहुल ने मना कर दिया तो मनीष ने गोली मार दी। 

गोली मारने के इरादे से आया था मनीष

इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी मनीष अपने एक-दो साथियों के साथ उस्मानपुर पहुंचा था। पहले बात की, फिर राहुल को गोली मारी। ऐसे में आशंका है कि मनीष पहले से ही राहुल को गोली मारने की साजिश करके आया था। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

पुलिस पर हमला कर चुका है आरोपी

आरोपी मनीष पर बर्रा और नौबस्ता में मुकदमे दर्ज हैं। दो साल पहले उसने पुलिस पर हमला कर सिपाही राम मिलन को पीट दिया था। नौबस्ता में एक युवक के घर पर बमबाजी भी की थी। पुलिस ने उसे जेल भेजा था।

मेरे बहुत दुश्मन हैं

इंस्पेक्टर ने बताया कि जब मनीष उस्मानपुर कॉलोनी पहुंचा, तो उसके परिचित प्रकाश उसे मिले। उसने उनके पैर छुए और कहा कि क्षेत्र में उसके कई दुश्मन हैं। इसके कुछ ही देर बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी पकड़ा गया है। उसके साथी की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में नशेबाजी के विरोध व रंगदारी न देने पर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। जांच के बाद मामला स्पष्ट होगा। घायल की हालत गंभीर है। इलाज हो रहा है। 
-
अनंत देव, एसएसपी

Related News

Leave a Reply