Total Visitors : 5 8 1 1 2 3 6

बैंक हड़ताल से जनता हुई बेहाल ...

तमाम बैंक शाखाओं में ताला

कानपुर में वेतन वृद्धि की मांग पूरी न होने पर शुक्रवार को सभी सरकारी बैंकों की शाखाएं बंद रहीं। दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन करीब 1800 करोड़ का लेनदेन ठप रहा। व्यापारियों, कारोबारियों और आम जनता के लेनदेन अटक गए। ऑनलाइन बैंकिंग भी नहीं हो सकी। कुल मिलाकर जनता बेहाल रही। उधर, बैंक संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने तमाम बैंक शाखाओं में ताला लगाकर क्षेत्रीय कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने किया है।

समर्थन में पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, सिंडीकेट बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ, सिंडीकेट बैंक, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक के रीजनल ऑफिस भी बंद रहे। यहां दिन भर धरना प्रदर्शन चलता रहा। यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के मंत्री रजनीश गुप्ता, संयुक्त मंत्री संजय त्रिवेदी, राजेंद्र अवस्थी, अनिल मिश्रा, विजय अवस्थी, मनोज तिवारी, सुधीर सोनकर, अरविंद द्विवेदी, दीप शुक्ला, रत्नेश बाजपेई, विपिन राव, एसडी मिश्रा, बृजेंद्र पांडेय, सुनील अवस्थी आदि मौजूद रहे।

265 करोड़ का नहीं हो सका भुगतान

हड़ताल की वजह से बैंकों में करीब 390 करोड़ की क्लीयरिंग नहीं हो सकी। इसी तरह औसत 455 करोड़ की नकदी जमा नहीं हुई। 265 करोड़ का भुगतान नहीं हुआ। आरटीजीएस व एनईएफटी सहित 110 करोड़ के फंड ट्रांसफर नहीं हो सके। जीएसटी एवं आयकर जमा के लेनदेन भी प्रभावित हुए। तमाम स्कूलों के बच्चों की बैंकों में फीस जमा नहीं हो सकी। 

ये रही हड़ताल की वजह

फोरम बीते तीन वर्ष से बैंक कर्मियों की वेतन वृद्धि को लेकर वार्ता कर रहा है। 39 बैठकों के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला तो क्रमिक हड़ताल की घोषणा की। यह हड़ताल अब एक फरवरी, इसके बाद 12, 13, 14 मार्च के लिए प्रस्तावित है। 15 मार्च तक कोई नतीजा नहीं निकला तो एक अप्रैल से अनिश्चित कालीन हड़ताल की बात कही गई है। 

पेंशनरों ने भी जताया विरोध

 पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन ने भी हड़ताल का समर्थन किया है। संगठन के प्रांतीय संयोजक अशोक दीक्षित ने बताया कि उन्होंने हड़ताल समर्थकों के साथ काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। अवकाश प्राप्त कर्मचारियों की पेंशन वर्ष 1993 से नहीं बढ़ी है, जबकि केंद्रीय कर्मचारियों की पेंशन हर वर्ष बढ़ रही है।

घूम-घूमकर किया प्रदर्शन 

पंजाब नेशनल बैंक प्रोग्रेसिव इंप्लाइज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री अनिल सोनकर व अध्यक्ष पंधारी लाल की अगुवाई में 50 से अधिक शाखाओं में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया। इसमें एनसी गुप्ता, अनिल सोनकर, चंदर हजारिया, केके आनंद आदि शामिल रहे।

- 1800 करोड़ का लेनदेन ठप, ऑनलाइन बैंकिंग भी नहीं।
- 390 करोड़ की क्लीयरिंग नहीं हो सकी।
- 455 करोड़ की नकदी जमा नहीं हुई।
-110 करोड़ के फंड ट्रांसफर नहीं हो सके।

Related News

Leave a Reply