Total Visitors : 5 8 0 8 5 1 0

सरकारी खामियों पर व्यापारियों ने डिप्टी सीएम को घेरा ...

 सांसद सत्यदेव पचौरी ने मंडी शुल्क बढ़ोतरी में कमी करने की मांग रखी

कानपुर में मंडी शुल्क की बढ़ोतरी सहित कई मामलों को लेकर शहर के व्यापारियों ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। मंगलवार शाम को मर्चेंट चैंबर में आयोजित कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के सामने व्यापारियों ने सरकारी खामियों को रखा।बढ़ती मंदी को लेकर भी आवाज उठाई। भाजपा के पूर्व सांसद और कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक श्याम बिहारी मिश्रा ने तो यहां तक कह दिया कि इस सरकार में मिलावट के नाम पर घूसखोरी बढ़ती जा रही है। श्याम बिहारी ने उप मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव रखा कि एक करोड़ पर दो प्रतिशत बढ़ाया गया मंडी शुल्क एक प्रतिशत किया जाए।

कहा कि इस व्यवस्था को एक वर्ष तक प्रयोग के तौर पर देखा जाए, यदि सरकार को ठीक लगता है, तो अपने हिसाब से विचार करने पर स्वतंत्र है। इस मौके पर सांसद सत्यदेव पचौरी ने भी व्यापारियों का समर्थन करते हुए डिप्टी सीएम से मंडी शुल्क में कमी करने की मांग रखी।यह भी कहा कि केंद्र सरकार से जुड़ी व्यापारियों की जो भी मांगे हैं, उसे लोकसभा में भी उठाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी शुल्क कम करने की मांग कैबिनेट में रखेंगे। बताया कि व्यापारियों की पूर्व में रखी गई जो भी मांगें थीं, उसे 90 प्रतिशत तक सुलझा लिया गया है।इस मौके पर युवा उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से उप मुख्यमंत्री को पर्यावरण का संदेश देने के लिए नीम का पौधा भी भेंट किया गया। डिप्टी सीएम ने कानपुर उद्योग व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी को शपथ भी दिलाया। कहा कि व्यापारी किसी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

Related News

Leave a Reply